




रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25-26 अक्टूबर को 2 दिन के लिए छत्तीसगढ़ (Droupadi Murmu Chhattisgarh visit) के दौरे पर रहेंगी। अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति मुर्मू रायपुर AIIMS (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होगी। गुरुवार को NIT रायपुर की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की जानकारी साझा की।

बता दें कि 25 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में NIT रायपुर का 14वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगी। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सम्माननीय अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित होंगे। समारोह की अध्यक्षता एनआईटी रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे करेंगे। एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, सीनेट के सदस्य, रजिस्ट्रार, डीन, विभागाध्यक्ष और संस्थान के संकाय सदस्य भी इस शुभ अवसर पर उपस्थित रहेंगे।