





धरमजयगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के शुभ अवसर पर इस बार विजयदशमी पर्व को विशेष रूप से मनाने जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 30 सितंबर, मंगलवार को धरमजयगढ़ नगर में संघ द्वारा भव्य पथ संचलन का आयोजन किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक पारंपरिक गणवेश में अनुशासित पंक्तियों के साथ नगर के मुख्य मार्गों से गुजरेंगे। यह संचलन थाना परिसर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर पूरे नगर का भ्रमण करेगा। मार्ग में स्वयंसेवकों का उत्साह और अनुशासन नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पथ संचलन कार्यक्रम में अध्यक्षता पद्मश्री जागेश्वर यादव मुख्य वक्ता गोपाल यादव होंगे । वहीं संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पथ संचलन केवल एक आयोजन मात्र नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक परंपरा, संगठन शक्ति और एकजुटता का सशक्त संदेश देने वाला होगा। विजयदशमी पर्व शक्ति, सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक है, और इसी भाव को आत्मसात करते हुए संघ के स्वयंसेवक नगर भ्रमण करेंगे।
वहीं नगर में इस भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। विभिन्न स्थानों पर स्वागत की भी विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। समाज के हर वर्ग से इस आयोजन में शामिल होकर सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रीय एकात्मता के इस संदेश को साझा करने की अपील की गई है।







