
धरमजयगढ़। सावन के पावन अवसर पर धर्मनगरी धरमजयगढ़ में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। बोल बम कांवरिया समिति, धरमजयगढ़ एवं समस्त शिवभक्तों के तत्वावधान में 23 अगस्त 2026 को अंबे टिकरा से किलकिला धाम तक भव्य बोल बम कांवर यात्रा निकाली जाएगी।
आयोजन के अनुसार यात्रा का शुभारंभ 23 अगस्त को सुबह 5 बजे अंबे टिकरा से होगा। कांवरिए पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए किलकिला धाम पहुंचेंगे, जहां 24 अगस्त की सुबह भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। वही शिव भक्तों द्वारा भी जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान व भोजन की व्यवस्था भी की जाती है.
आयोजकों ने सभी शिवभक्तों, ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कांवर यात्रा में शामिल होकर इस पुण्य यात्रा को सफल बनाने की अपील की है। सावन के इस पावन अवसर पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से यात्रा मार्ग के भक्तिमय होने की उम्मीद है।
आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शिवभक्ति, सेवा, आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देने का माध्यम भी है। श्रद्धालुओं से अनुशासन एवं आपसी सहयोग के साथ यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है।
