
बर्तपाली क्षेत्र में एक और हाथी की मौत से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, करंट से मौत की आशंका; जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
धरमजयगढ़ न्यूज़ — धरमजयगढ़ वन मंडल एक बार फिर हाथी की मौत को लेकर सुर्खियों में है। वन क्षेत्र में हाथियों की लगातार हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों धरमजयगढ़ वन मंडल के बर्तपाली क्षेत्र में एक और हाथी की मौत की घटना सामने आई है, जिसने वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, हाथी की मौत का संभावित कारण विद्युत करंट बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
लेकिन सवाल यह है कि आखिर धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों की मौत का सिलसिला कब थमेगा? लगातार विद्युत करंट की चपेट में आकर हाथियों की जान जाने की घटनाएं सामने आने के बावजूद ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था क्यों नजर नहीं आ रही है?
संसाधनों और बजट के बावजूद हाथियों की सुरक्षा चुनौती
वन विभाग के पास मैदानी स्तर पर बीट गार्ड सहित अन्य कर्मचारियों की तैनाती है। वन्यजीवों की निगरानी और सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत संसाधन एवं बजट भी उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके बावजूद जंगलों के आसपास किसानों द्वारा फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए जाने वाले जीआई तारों और उनमें अवैध रूप से प्रवाहित किए जाने वाले बिजली के करंट पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है?
आखिर वन विभाग की नियमित निगरानी व्यवस्था कितनी सक्रिय है? क्या संवेदनशील क्षेत्रों में समय-समय पर जांच की जा रही है? और यदि ऐसी गतिविधियां सामने आती हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कितनी सख्त कार्रवाई होती है? ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब अब विभाग को देना होगा।
हाईकोर्ट भी हाथियों की सुरक्षा को लेकर सख्त
गौरतलब है कि पूर्व के मामलो मे छत्तीसगढ़ के जंगलों में हाथियों की सुरक्षा और बिजली की लाइनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर बिलासपुर हाईकोर्ट ने भी सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) से विस्तृत जवाब तलब करते हुए हाथी गलियारों में हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बिजली के खंभों की ऊंचाई बढ़ाने के संबंध में उठाए गए ठोस कदमों की जानकारी मांगी है। डिवीजन बेंच ने कंपनी को दो सप्ताह के भीतर शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है।
वहीं, वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े विद्युत सुरक्षा प्रावधानों के तहत 11 केवी और उससे कम क्षमता वाली विद्युत लाइनों में इंसुलेशन सुनिश्चित करने, जंगल एवं वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में निर्धारित समयसीमा के भीतर इंसुलेटेड केबल लगाने तथा वन विभाग की नियमित जांच और आवश्यक अनुमति के बिना नई विद्युत लाइन चालू नहीं करने जैसे विषय भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
अब कार्रवाई का इंतजार, आखिर कब सुरक्षित होंगे धरमजयगढ़ के हाथी?
धरमजयगढ़ वन मंडल में लगातार हो रही हाथियों की मौत केवल एक वन्यजीव की क्षति नहीं, बल्कि पूरे वन्यजीव संरक्षण तंत्र के सामने एक बड़ी चुनौती है। हर घटना के बाद जांच और कार्रवाई की बात सामने आती है, लेकिन ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
अब देखना होगा कि बर्तपाली में हुई हाथी की मौत के मामले में जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं और वन विभाग तथा विद्युत विभाग दोषियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करते हैं। जरूरत केवल घटना के बाद जांच करने की नहीं, बल्कि ऐसी ठोस व्यवस्था बनाने की है जिससे भविष्य में किसी बेजुबान वन्यजीव को अपनी जान न गंवानी पड़े।
आखिर कब थमेगा हाथियों की मौत का सिलसिला और कब धरमजयगढ़ के जंगलों में गजराज पूरी तरह सुरक्षित होंगे?
