
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में सुबह होगी सहज पाठ की समाप्ति , शब्द-कीर्तन एवं गुरु का अटूट लंगर, समस्त नगरवासियों को किया गया सादर आमंत्रित
धरमजयगढ़। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम, भाईचारे तथा समानता का संदेश देने वाले साहिब श्री गुरु नानक देव जी का पावन प्रकाश पर्व आगामी 26 नवंबर 2026, गुरुवार को धरमजयगढ़ स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में बड़ी ही श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में सुबह सहज पाठ की समाप्ति होगी। इसके पश्चात गुरु महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए मनमोहक शब्द-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। शब्द-कीर्तन के माध्यम से संगत गुरु नानक देव जी के उपदेशों एवं उनकी महान शिक्षाओं का स्मरण करेगी।
दोपहर 1:30 बजे शब्द-कीर्तन की समाप्ति के पश्चात गुरु महाराज के चरणों में अरदास की जाएगी। इसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु एवं संगत एक साथ बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण करेंगे। सिख परंपरा में लंगर केवल भोजन की व्यवस्था नहीं, बल्कि समानता, सेवा, समर्पण और आपसी भाईचारे का प्रतीक माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवनकाल में संपूर्ण मानव समाज को एकता, सद्भावना, सत्य, ईमानदारी एवं निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। उनका महान संदेश ‘एक ओंकार, सतनाम’ आज भी पूरी मानवता को एक सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इसी पावन भावना के साथ गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, धरमजयगढ़ द्वारा नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं बुजुर्गों से प्रकाश पर्व के इस पवित्र आयोजन में सपरिवार शामिल होने की अपील की गई है।
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा ने सभी नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे 26 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा शब्द-कीर्तन एवं गुरु के अटूट लंगर में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें।
