
रायगढ़ जिले में पेट्रोल पंपों की जांच पर उठे सवाल, क्या सिर्फ 08पंप ही कर रहे थे नियमों की अनदेखी?
धरमजयगढ़ न्यूज़ | रायगढ़।
रायगढ़ जिले के पेट्रोल पंपों पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब कई सवाल खड़े होने लगे हैं। आखिर क्या पूरे जिले में सिर्फ 08 पेट्रोल पंप ही नियमों की अनदेखी कर रहे थे? क्या जिले के बाकी सभी पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को नियमानुसार सुविधाएं और पेट्रोल-डीजल की सही मात्रा मिल रही है? या फिर अभी भी कई पेट्रोल पंप ऐसे हैं, जहां ग्राहकों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है?
पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं में वाहनों में हवा भरने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग साफ-सुथरे शौचालय जैसी सुविधाएं शामिल हैं। लेकिन जिले के कई पेट्रोल पंपों पर इन सुविधाओं की वास्तविक स्थिति क्या है, इसकी निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है।
सबसे गंभीर सवाल पेट्रोल और डीजल की मात्रा को लेकर है। यदि किसी पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को निर्धारित कीमत चुकाने के बावजूद पूरी मात्रा में ईंधन नहीं मिल रहा है, तो यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का मामला है। ऐसे में नापतौल विभाग की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
अब सवाल यह है कि क्या नापतौल विभाग रायगढ़ जिले के सभी पेट्रोल पंपों के डिस्पेंसिंग मशीनों की जांच करेगा? क्या मशीनों की माप क्षमता, सील और निर्धारित मात्रा के अनुरूप ईंधन वितरण की पड़ताल होगी? क्या प्रशासन केवल शिकायत मिलने पर ही कार्रवाई करेगा या फिर जिले के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण भी किया जाएगा?
प्रशासन की कार्रवाई स्वागत योग्य है, लेकिन कार्रवाई कुछ पेट्रोल पंपों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आम जनता को यह भरोसा होना चाहिए कि जिले के हर पेट्रोल पंप पर उन्हें पूरी मात्रा में पेट्रोल-डीजल और सभी अनिवार्य सुविधाएं मिल रही हैं।
अब देखना यह है कि प्रशासन और नापतौल विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं, या फिर ग्राहकों की जेब कटती रहेगी और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने रहेंगे?
जनता की मांग है कि रायगढ़ जिले के सभी पेट्रोल पंपों की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इधर 27 को रायगढ़ जिला पेट्रोलियम यूनियन ने बुलाई आवश्यक बैठक तो कई डीलर है नाराज!
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार जिले के कुछ पंपों में किए गए इस कार्रवाही को लेकर एक आवश्यक बैठक भी बुलाई गई है वही बताया जा रहा है कि कुछ डीलर इस. कार्रवाही से सख्त नाराज दिख रहे हैं. क्योंकि उनके व्यापार की प्रतिष्ठा पर भी आँच आई हैँ! डीलरो का कहना है कि पंप सील करने से पहले नोटिस भेजना था मगर बिना कोई नोटिस के ही कार्रवाई कर दी गई! इस कार्रवाई से पहले भी आर्थिक दंड भी दिया जा सकता था मगर पंप ही शील कर देना यह न्याय उचित है!
