
धरमजयगढ़। नगर में इस वर्ष 67वां सार्वजनिक दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सार्वजनिक दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति, दशहरा मैदान धरमजयगढ़ द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के गठन, दायित्वों के बंटवारे और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने हेतु आवश्यक बैठक आयोजित की गई है।
समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार बैठक 26 अगस्त 2026, बुधवार को शाम 5 बजे दशहरा मैदान स्थित समिति कार्यालय में आयोजित होगी। बैठक में नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों, प्रबुद्धजनों, युवाओं, समिति के संरक्षकों एवं कार्यकर्ताओं से उपस्थित होकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव देने की अपील की गई है।
बैठक में 67वें दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव की अग्रिम कार्ययोजना, नई कार्यकारिणी समिति एवं पदाधिकारियों का गठन, पंडाल निर्माण, माता की मूर्ति स्थापना, आकर्षक लाइटिंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही रावण दहन एवं सुरक्षा व्यवस्था, आयोजन के आय-व्यय तथा बजट निर्धारण को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
समिति ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को सुव्यवस्थित, आकर्षक और सफल बनाने के लिए नगरवासियों की सहभागिता और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है। समिति की ओर से सभी माता भक्तों एवं नगरवासियों से बैठक में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की गई है।
समिति सचिव श्यामल पुरकायस्थ ने धर्म की रक्षा, संस्कृति के सम्मान और सार्वजनिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों से सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया है।
