

धरमजयगढ़— क्षेत्र में आयोजित पितृ मोक्ष श्रीमद्भागवत कथा में इन दिनों श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे हुए हैं।

कथा व्यास पंडित श्री मुरारिलाल त्रिपाठी के श्रीमुख से भगवान श्रीकृष्ण की महिमा और श्रीमद्भागवत के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान के साथ जीवन में धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश भी प्राप्त हो रहा है।

रविवार को आयोजित कथा में रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया तथा कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कथा स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कथा के दौरान पंडित मुरारी लाल त्रिपाठी ने कुंती स्तुति, परीक्षित जन्म, परीक्षित को मिले श्राप तथा भगवान शुकदेव जी के आगमन का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। कथा व्यास ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध कराता है और भगवान के प्रति श्रद्धा एवं भक्ति को मजबूत करता है।

कथा के भावपूर्ण प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का आनंद लिया।



