
विशेष जहाज से सुबह करीब 10 बजे पहुंचने की संभावना, शासकीय कॉलेज में बनाया जा रहा हेलीपैड; 15 नवंबर को प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय आयोजन को लेकर होगी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
धरमजयगढ़ न्यूज़। धरमजयगढ़ में आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी कल सुबह विशेष जहाज से धरमजयगढ़ पहुंचेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार उनका सुबह करीब 10 बजे धरमजयगढ़ पहुंचने का कार्यक्रम संभावित है।
वित्त मंत्री के आगमन को लेकर शासकीय महाविद्यालय परिसर में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। उनके साथ भाजपा प्रदेश संगठन के महामंत्री कर्मवीर सिंह एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री अखिलेश सोनी के भी धरमजयगढ़ पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि धरमजयगढ़ में पहली बार इतने बड़े स्तर पर प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिती की सूचना है।
कार्यक्रम की भव्यता और इसमें शामिल होने वाले राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के अतिथियों को देखते हुए प्रशासन और भाजपा संगठन पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं द्वारा आयोजन स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों के आगमन, यातायात, मंच व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण किया जाएगा।
इस दौरान अधिकारियों एवं भाजपा पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा किए जाने की भी संभावना है।
अब सभी की निगाहें 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होने वाले इस बड़े आयोजन पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम न केवल जनजातीय गौरव और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा, बल्कि धरमजयगढ़ के लिए भी एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।
