
धरमजयगढ़ न्यूज़ | रायगढ़।
चक्रवाती तूफान ‘अर्नव ’ के प्रभाव और अत्यधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए रायगढ़ जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी, रायगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान ‘अर्नव ’ के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों तथा उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 29 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। विद्यालयों में अवकाश घोषित होने से विद्यार्थियों को खराब मौसम के दौरान आवागमन की संभावित परेशानियों से बचाने में मदद मिलेगी।
जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधानपाठकों को आदेश की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
