
न्यायिक एवं राजस्व सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने किया कार्य से विरत रहने का निर्णय
धरमजयगढ़ न्यूज़। धरमजयगढ़ में एडीजे कोर्ट का लिंक कोर्ट संचालन एवं अतिरिक्त कलेक्टर कोर्ट की लिंक कोर्ट सुविधा शुरू करने की मांग को लेकर आज अधिवक्ता संघ धरमजयगढ़ एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर है। अपनी मांगों के समर्थन में अधिवक्ताओं ने आज न्यायालयीन कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया है।
अधिवक्ता संघ की इस सांकेतिक हड़ताल का मुख्य उद्देश्य धरमजयगढ़ में न्यायिक एवं राजस्व संबंधी सुविधाओं का विस्तार कर क्षेत्र के आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर न्यायिक सुविधा उपलब्ध कराना है।
अधिवक्ताओं का मानना है कि एडीजे कोर्ट एवं अतिरिक्त कलेक्टर कोर्ट की लिंक कोर्ट सुविधा धरमजयगढ़ में शुरू होने से क्षेत्र के पक्षकारों को काफी राहत मिलेगी। वर्तमान में न्यायिक एवं राजस्व संबंधी मामलों के लिए लोगों को अन्य स्थानों तक जाना पड़ता है, जिससे उनका समय और आर्थिक खर्च दोनों बढ़ते हैं।
अधिवक्ता संघ की यह एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल क्षेत्र में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। अब देखना होगा कि अधिवक्ताओं की इस मांग पर शासन एवं संबंधित विभाग कब तक सकारात्मक निर्णय लेते हैं।
