
धरमजयगढ़ न्यूज़। धरमजयगढ़ के नीचपारा स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी अन्नकूट भोग का आयोजन किया जा रहा है। कल दोपहर 12 बजे गोवर्धन भगवान को विधि-विधान के साथ अन्नकूट का भोग अर्पित किया जाएगा।
इस आयोजन की विशेषता यह है कि अन्नकूट का भोग प्रतिवर्ष सार्वजनिक सहभागिता एवं सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से तैयार किया जाता है। इस वर्ष भी सभी के सहयोग से भोग प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
आयोजन के दौरान मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था रहेगी। वहीं, जो श्रद्धालु किसी कारणवश मंदिर प्रांगण में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए भोग प्रसाद घर ले जाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
आयोजन समिति की ओर से क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर गोवर्धन भगवान का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता का संदेश देते हैं।
