धरमजयगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उमड़ा जनसैलाब, पद्मश्री विभूतियों सहित मांझी-चालकी पदाधिकारियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों का हुआ सम्मान
धरमजयगढ़ न्यूज़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह ऐतिहासिक और भव्य रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के माध्यम से सशक्त बनाना ही भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती वीर जनजातीय वीरों और बलिदानियों की धरती रही है। यहां के 14 महान जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में अविस्मरणीय योगदान दिया। इनमें वीर गुंडाधुर और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने नई पीढ़ी से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को जानने और अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया।

6691 गांवों में विकास कार्यों को मिल रही गति
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत प्रदेश के 6691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने नई पीढ़ी को जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से नया रायपुर में निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय का अवलोकन करने का भी आग्रह किया।

पद्मश्री विभूतियों और जनजातीय प्रतिनिधियों का सम्मान
समारोह के दौरान जनजातीय कला, संस्कृति और समाज के उत्थान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित दुर्गी बाई, जाजोबर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही मांझी-चालकी पदाधिकारियों, तेंदूपत्ता संग्राहकों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।

जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं में विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा, लोककला, संस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में पहुंचे जनजातीय समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के संचालन में स्मृति ईरानी की सक्रिय भूमिका रही चर्चा में
धरमजयगढ़ में आयोजित इस विशाल राज्यस्तरीय आयोजन में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की सक्रिय भूमिका भी चर्चा का विषय रही। समारोह के दौरान उन्होंने मंच पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ जनजातीय समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले सम्मानित अतिथियों का खड़े होकर स्वागत किया। कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर संचालन तक उन्होंने सक्रिय सहभागिता निभाई।
समारोह में केंद्रीय एवं प्रदेश स्तर के जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, सांसद, संगठन के पदाधिकारियों तथा जनजातीय समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
धरमजयगढ़ की धरती पर आयोजित इस राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह ने भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
