
रायपुर/ धरमजयगढ़ न्यूज़ —छत्तीसगढ़ के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पार्टी द्वारा भारतीय जनता पार्टी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर लगाए जा रहे आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबाँ में झाँकना चाहिए।
प्रदेश के वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलियों को अपना रोल मॉडल बताया था, आज देश से उस पूरे नक्सलवाद का सफाया प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाया है। श्री कश्यप ने याद दिलाया कि देश में पृथक जनजाति कार्य मंत्रालय का गठन ‘भारत रत्न’ पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की देन है।

वही , वर्तमान प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया और ‘धरती आबा’ के नाम से विशेष योजना शुरू की। इस योजना से हजारों गाँव जुड़े हैं और देश की लगभग आधी जनजाति आबादी यानी करीब 6 करोड़ लोगों को इन योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
प्रदेश के वन मंत्री श्री कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष और राज्य नेतृत्व को इस बात की पीड़ा है कि जनजाति समाज का अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से तेजी से उत्थान हो रहा है। कांग्रेस के शासनकाल में जनजाति समुदाय की उन्नति के लिए कभी ठोस योजनाएँ नहीं बनीं, बल्कि वे जनजाति समाज को दिल्ली और मुम्बई ले जाकर केवल नचाने का काम करते थे। श्री कश्यप ने कहा कि जनजाति समुदाय अब आगे बढ़ रहा है और कांग्रेस की पुरानी राजनीति अब नहीं चल पाएगी। इसी हताशा और पीड़ा के कारण कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री साय पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। देश की जनता और विशेषकर जनजाति समाज कांग्रेस की इस मानसिकता को भली-भाँति समझ चुका है।
धरमजयगढ़ के ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह में शामिल होने की अपील
