
कोरबा भाजपा कार्यालय में बिलासपुर संभाग के संगठन सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला ने ली पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक
धरमजयगढ़ न्यूज़। भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री नितिन नवीन जी के प्रथम आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कोरबा जिला भाजपा कार्यालय में बिलासपुर संभाग के संगठन सहप्रभारी श्री अभिषेक शुक्ला ने भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में श्री अभिषेक शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी का धरमजयगढ़ में प्रथम आगमन पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। उनके स्वागत एवं कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जुटें।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर आयोजित यह जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति एवं उनके योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला प्रभारी श्री कृष्णकांत चंद्रा, जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, प्रदेश मंत्री श्रीमती ऋतु चौरसिया, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन को यादगार बनाने के लिए संगठन स्तर पर लगातार बैठकें एवं तैयारियां की जा रही हैं।
