
धरमजयगढ़। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में आयोजित प्रदेश स्तरीय भव्य कार्यक्रम में धरमजयगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष भरतलाल साहू और बूथ के अध्यक्ष सूरज मंडल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधियों के हाथों सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ।
धरमजयगढ़ में आयोजित इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका आगमन नहीं हो सका। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी, प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया सहित मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं जनजातीय समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इस गरिमामय आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप एवं सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने भाजपा मंडल धरमजयगढ़ के अध्यक्ष श्री भरतलाल साहू को अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व एवं जनप्रतिनिधियों के हाथों मिला यह सम्मान उनके लिए विशेष गौरव और अविस्मरणीय उपलब्धि बन गया।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात श्री भरतलाल साहू ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के हाथों इतने बड़े प्रदेश स्तरीय मंच पर सम्मानित होना उनके लिए अत्यंत गर्व और सौभाग्य का विषय है। यह पल उनके राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में हमेशा अंकित रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि भाजपा मंडल धरमजयगढ़ के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। मंडल के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन, पार्टी पदाधिकारियों के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं निष्ठा के कारण ही उन्हें यह गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस सम्मान को मंडल के समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक कार्यपद्धति की यही विशेषता है कि यहां एक सामान्य कार्यकर्ता को भी अपनी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर बड़े मंच पर सम्मान एवं पहचान प्राप्त करने का अवसर मिलता है। पार्टी में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के हाथों मिले इस सम्मान से धरमजयगढ़ भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं में भी हर्ष का माहौल है।
