
तराईमार के कुछ ग्रामीणों की सहमति से क्या SECL करा लेगा परिसंपत्तियों का सर्वे? ग्रामीणों ने उठाए सवाल, फूट डालकर आंदोलन कमजोर करने की कोशिश का आरोप
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत प्रस्तावित दुर्गापुर–शाहपुर SECL ओपन कोल परियोजना को लेकर क्षेत्र में एक बार फिर विरोध की आग तेज होती नजर आ रही है। वर्षों से अपनी जल, जंगल, जमीन और पुश्तैनी विरासत को बचाने की लड़ाई लड़ रहे ग्रामीणों ने अब SECL के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। बीती रात दुर्गापुर में आयोजित ग्रामीणों की बैठक में SECL के विरोध में जमकर नारेबाजी हुई। बैठक में ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कुछ लोगों की सहमति को पूरे प्रभावित क्षेत्र की सहमति नहीं माना जा सकता। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या तराईमार के चार-पांच लोगों की सहमति लेकर SECL हजारों ग्रामीणों की जमीन पर कोयला खनन कर लेगा क्या।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने बढ़ाया आदिवासी ग्रामीणों का हौसला
बैठक में 18 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का मुद्दा प्रमुखता से उठा। ग्रामीणों ने इस फैसले को आदिवासी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और ग्रामसभा की शक्ति को मजबूती देने वाला बताया। उनका कहना है कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और ग्रामसभा की भूमिका को नजरअंदाज कर किसी भी परियोजना को आगे बढ़ाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी रही कि अब अपने अधिकारों की लड़ाई केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संवैधानिक और कानूनी स्तर पर भी मजबूती से लड़ी जाएगी।
तराईमार के 12 ग्रामीणों के परिसंपत्ति सर्वे आवेदन पर उठे सवाल
बैठक के दौरान एक नया विवाद सामने आया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि SECL परियोजना के विरोध के बीच कुछ लोगों द्वारा अलग से परिसंपत्तियों का सर्वे कराने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धरमजयगढ़ के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया है।सभा में बताए गए नामों में पंचराम साहू, बासुदेव, महत्तर राम साहू, रामेश्वर साहू, रघुबीर साहू, धरमबीर साहू, चंद्रमणि और धरमसिंह सहित कुल 12 ग्रामीणों का उल्लेख किया गया।ग्रामीणों का सवाल है कि जब प्रभावित क्षेत्र के किसान और आदिवासी परिवार लगातार अपनी जमीन नहीं देने का विरोध कर रहे हैं, तब कुछ लोगों द्वारा अलग से परिसंपत्ति सर्वे कराने की पहल किस उद्देश्य से की जा रही है? क्या इससे पूरे आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश हो रही है?
पोल्ट्री फार्म के सर्वे को लेकर प्रशासन से जांच की मांग
बैठक में कुछ ग्रामीणों द्वारा बनाए गए कथित पोल्ट्री फार्म को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ पोल्ट्री फार्म जल्दबाजी में तैयार किए गए हैं और उनकी वास्तविक स्थिति, निर्माण की वैधता तथा परिसंपत्तियों के मूल्यांकन की जांच आवश्यक है।आरोप यह भी लगाया गया कि कुछ लोग परिसंपत्ति सर्वे के माध्यम से भविष्य में अधिक मुआवजा प्राप्त करने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि किसी भी प्रकार का परिसंपत्ति सर्वे कराने से पहले संबंधित निर्माण की वैधता, निर्माण की वास्तविक तिथि, उपयोग और मौके पर उसकी स्थिति की जांच की जाए। केवल आवेदन के आधार पर सर्वे कर देना उचित नहीं होगा।
क्या SECL अपना समर्थन जुटाने के लिए ग्रामीणों में कर रहा है बंटवारा?
बैठक में ग्रामीणों ने SECL की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में विरोध के बावजूद कुछ लोगों के माध्यम से अलग-अलग गतिविधियां संचालित कर ग्रामीणों के बीच मतभेद पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि 1677 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में प्रस्तावित दुर्गापुर–शाहपुर कोयला परियोजना से प्रभावित हजारों लोगों के भविष्य का फैसला कुछ व्यक्तियों की सहमति से नहीं किया जा सकता ऐसा में कुछ आवेदन को लेकर सर्वे किए जाने की स्थिति में विवाद की स्थिति देखने को मिल सकता है।
2 दिसंबर को आमसभा और रैली, फिर गूंजेगा जमीन नहीं देने का संकल्प
बैठक के अंत में ग्रामीणों ने एक बार फिर SECL के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया। आगामी 2 दिसंबर 2026, बुधवार को प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा विशाल आमसभा और रैली आयोजित करने का ऐलान किया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे। आमसभा में कोयला परियोजना के विरोध में प्रस्ताव पारित कर SECL कोल ब्लॉक को खारिज किया जा चुका है,इस बार की आमसभा में 18 नवंबर 2026 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले, पांचवीं अनुसूची, ग्रामसभा के संवैधानिक अधिकारों और आदिवासी समुदाय की सहमति के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।
**ग्रामीणों का संदेश साफ है—कुछ लोगों की सहमति पूरे गांव की सहमति नहीं हो सकती। जल, जंगल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का फैसला प्रभावित ग्रामसभाओं के अधिकारों और कानून के अनुसार ही होना चाहिए।**अब देखना होगा कि प्रशासन परिसंपत्ति सर्वे के आवेदनों पर क्या रुख अपनाता है और 2 दिसंबर की आमसभा SECL के खिलाफ चल रहे जनआंदोलन को कितनी नई ताकत देती है।
