
नगर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और स्वच्छ-सुव्यवस्थित शहर की परिकल्पना को साकार करने में राजस्व वसूली की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण
धरमजयगढ़ न्यूज़ — नगर पंचायत के अधिकारी भरत लाल साहू व राजस्व टीम के नेतृत्व में राजस्व अमला पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति हेतु उन्होंने अमले को स्पष्ट, सख्त और समयबद्ध निर्देश जारी किए हैं। मुख्य नगर पंचायत अधिकारी भरत लाल साहू ने वसूली कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि अब कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। दैनिक वसूली में निरंतर वृद्धि, बकायादारों से नियमित संवाद और डोर-टू-डोर संपर्क को अनिवार्य करते हुए उन्होंने अमले को और अधिक सक्रियता से मैदान में उतरने के निर्देश दिए। उनका स्पष्ट कहना है कि राजस्व लक्ष्य केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि शहर के विकास का आधार है, जिसे हर हाल में प्राप्त किया जाना आवश्यक है।
नागरिकों को कर भुगतान में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर द्वारा वार्डों में कर जमा करने हेतु विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिक सरल और त्वरित प्रक्रिया से अपने बकाया करों का भुगतान कर सकेंगे। साथ ही नगर के स्वामित्व की दुकानों के बकाया करदाताओं से भी समय-सीमा के भीतर निर्धारित शुल्क जमा कर नगर विकास में सहयोग करने की अपील की जा रही है।
नगर पंचायत अधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि नोटिस और अनुस्मारक जारी होने के बावजूद कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
