
धरमजयगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धरमजयगढ़ वन मंडल के काष्ठागार परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास, एक पेड़ माँ के नाम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सम्मिलित हो पौधारोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। जिला भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।

धरमजयगढ़ मंडल भाजपा के अध्यक्ष भरत लाल साहू ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

वही आज के इस कार्यक्रम मे वन मंडल के अधिकारी कर्मचारियों सहित मंडल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए!
