
बिलासपुर। बिलासपुर-उरगा मार्ग पर निर्माणाधीन भारतमाला हाईवे पर सड़क हादसा हुआ है। तोरवा थाना क्षेत्र के दरीघाट-ढेंका कर्रा के पास अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में रायगढ़ के कार सवार 4 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे हुआ। कार (सीजी 13 एएस 9262) कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही थी। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां भारतमाला परियोजना के तहत पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और आगे सड़क भी नहीं जुड़ी है।शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार सवार काफी तेज रफ्तार में थे। उन्हें अंदाजा नहीं लगा कि सामने ब्रिज निर्माण का काम चल रहा है और हाईवे बंद है। तेज रफ्तार में कार सीधे अधूरे पुल तक पहुंच गई और निर्माणाधीन हिस्से से हवा में उछलकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।तोरवा पुलिस, डायल-112 और एंबुलेंस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुल से नीचे गिरने के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि घायल रायगढ़ जिले के रहने वाले हैं। वे कोरबा होते हुए रायपुर जा रहे थे। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
