
डाकघर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, बिजली गुल होते ही ठप हो जाते हैं काम; वर्षों पुराना जनरेटर भी कबाड़ की स्थिति में
धरमजयगढ़ न्यूज़ —
धरमजयगढ़ स्थित डाकघर में अव्यवस्थाओं को लेकर आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डाकघर में उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध नहीं हो पाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं, विभागीय कर्मचारियों के समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने और बिजली व्यवस्था बाधित होने पर कामकाज ठप हो जाने की स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के अनुसार, डाकघर का निर्धारित ड्यूटी समय सुबह 9:30 बजे बताया जा रहा है, लेकिन आरोप है कि कुछ कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते और कभी-कभी सुबह 10:30 बजे तक कार्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में अपने जरूरी कामों के लिए दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को इंतजार करना पड़ता है। इससे लोगों का समय बर्बाद होता है और उन्हें अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।

बिजली गुल होते ही ठप हो जाता है कामकाज
डाकघर में अव्यवस्थाओं का एक अन्य प्रमुख कारण बिजली व्यवस्था को बताया जा रहा है। आरोप है कि विद्युत आपूर्ति बाधित होते ही डाकघर का कामकाज प्रभावित हो जाता है। बताया जाता है कि परिसर में वर्षों पुराना जनरेटर मौजूद है, लेकिन वह लंबे समय से अनुपयोगी हालत में पड़ा हुआ है। ऐसे में बिजली गुल होने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से विभागीय कामकाज बाधित हो जाता है और उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटने या लंबे समय तक इंतजार करने की नौबत आ सकती है।
आखिर जिम्मेदार अधिकारी क्यों नहीं दे रहे ध्यान?
डाकघर जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवा में इस तरह की समस्याएं सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। डाकघर में ग्रामीणों और आम नागरिकों के कई जरूरी कार्य होते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति, बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
अब सवाल यह उठता है कि जब डाकघर में जनरेटर जैसी वैकल्पिक व्यवस्था मौजूद है, तो उसे चालू हालत में क्यों नहीं रखा गया है? क्या संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्यालय की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की जा रही है?
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए डाकघर की व्यवस्थाओं की जांच करें, कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें और खराब पड़े जनरेटर को दुरुस्त कराएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी इन समस्याओं को दूर करने के लिए क्या कदम उठाते हैं या फिर धरमजयगढ़ डाकघर में आम जनता की परेशानी यूं ही जारी रहती है।
वही इस पूरे विषय पर सहायक डाक अधीक्षक परमेश्वर कुर्रे ने बताया कि उपभोक्ता द्वारा एक ऐसी सूचना हमें प्राप्त हुई है जिसकी जांच करवा करके आगे की कार्रवाई को निश्चित की जाएगी. वहीं खराब जनरेटर को उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है आगे की कार्यवाही इस विषय में उनके द्वारा सुनिश्चित की जाएगी
