
छत्तीसगढ़ टुडे 24 न्यूज़ धरमजयगढ़–धरमजयगढ़ के ग्राम पंचायत विजयनगर के आश्रित ग्राम कण्डूजा के ग्रामीणों ने गांव के हित में सुरक्षित शासकीय भूमि पर कथित अवैध निर्माण हटाने की मांग को लेकर आज ग्रामीण महिलाओं और पुरुषो ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम के खसरा क्रमांक 2971 की शासकीय भूमि पर दिलीप राम नट द्वारा मकान निर्माण किया जा रहा है।
उनका कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी ग्राम पंचायत सरपंच स्तर पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी तथा कथित रूप से 5 सितंबर 2025 को जिला प्रशासन द्वारा भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विवादित निर्माण गांव के बीच चौक में होने से आमजन के आवागमन और सार्वजनिक हित प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में सामाजिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई आशंकाएं भी व्यक्त की गई हैं.

ग्रामीणों ने प्रशासन से विवादित निर्माण का मूल्यांकन कराने, शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामवासी धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
