
धरमजयगढ़। दुर्गापुर की प्रस्तावित एसईसीएल कोल ब्लॉक परियोजना को लेकर एक ओर जहां प्रभावित ग्रामीणों का विरोध लगातार जारी है, वहीं दूसरी ओर परियोजना से जुड़ी तैयारियां भी तेज होती दिखाई दे रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोल ब्लॉक को रेल परिवहन से जोड़ने के लिए लगभग 7 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके पूर्व भी कुछ दूरी तक मिट्टी के कार्य पूर्व ठेकेदार के द्वारा किए गए थे जिसे बंद करवा दिया गया था. मगर दुबारा इस कार्य का टेंडर निकाला गया!
बताया जा रहा है कि इस रेल लाइन निर्माण का कार्य बिहार की ज्योति कंस्ट्रक्शन एंड कंपनी को मिला है। सूत्रों के अनुसार कंपनी को यह कार्य लगभग 11 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
रेल लाइन निर्माण शुरू होने की खबर के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि दुर्गापुर एसईसीएल कोल ब्लॉक परियोजना को शीघ्र शुरू करने की दिशा में तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। हालांकि, दूसरी ओर परियोजना से प्रभावित कई गांवों के ग्रामीण अब भी विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगों और आपत्तियों का समाधान किए बिना परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए।
फिलहाल रेल लाइन निर्माण और ग्रामीणों के विरोध के बीच क्षेत्र में परियोजना को लेकर लगातार चर्चाएं बनी हुई हैं। और ग्रामीण भी इस और एकजुट दिख रहे हैँ!
