

धर्मजयगढ़—- भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर धर्मजयगढ़ नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राधा-कृष्ण पंचायती मंदिर एवं गायत्री शक्तिपीठ, धर्मजयगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
4 सितंबर 2026, शुक्रवार को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7:30 बजे से भजन संध्या के साथ होगी। भजन संध्या में ललित दास महंत, घरघोड़ा द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजनों के माध्यम से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता को लेकर श्रद्धालुओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी श्री विजय अग्रवाल (जनकर्म), श्री रामलाल पटेल एवं श्री मनीष श्रीवास्तव को सौंपी गई है। आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की गई है।
रात्रि 12 बजे होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात्रि ठीक 12:00 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव होगा। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं महा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साक्षी बनें और धार्मिक आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य के भागी बनें।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर धर्मजयगढ़ में भक्तिमय वातावरण बनने लगा है। मंदिर परिसर में होने वाली भजन संध्या, मटकी फोड़ प्रतियोगिता, मध्यरात्रि जन्मोत्सव, महाआरती एवं प्रसाद वितरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।



