
धरमजयगढ़ न्यूज़ —
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर धरमजयगढ़ नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। नगर के विभिन्न दुर्गा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, वहीं रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा शहर जगमगा उठा है। इसी धार्मिक उत्साह के बीच रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया धरमजयगढ़ के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं से मुलाकात की।

सांसद राधेश्याम राठिया सबसे पहले नीचे पारा स्थित जयस्तंभ चौक पहुंचे, जहां उन्होंने मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित आमजनों से भी मुलाकात की और नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात वे बस स्टैंड स्थित दुर्गा पंडाल पहुंचे, जहां विराजमान मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

वहीं, धरमजयगढ़ की ऐतिहासिक दशहरा समिति द्वारा आयोजित 67वें वर्ष के भव्य दशहरा उत्सव के अंतर्गत दशहरा मैदान में विराजमान मां काली के विशेष पूजन में भी सांसद शामिल हुए। उन्होंने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों से भेंट-मुलाकात की। इस दौरान नगर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों और दशहरा उत्सव को लेकर भी चर्चा हुई।
धरमजयगढ़ में नवरात्रि के दौरान जगह-जगह आकर्षक पंडाल, साज-सज्जा, विद्युत रोशनी और धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सांसद राधेश्याम राठिया ने विभिन्न पंडालों में पहुंच माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया!
