

रायगढ़। विद्या भारती की योजना के अनुसार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 25 सितंबर, शुक्रवार को सुबह ठीक 11 बजे देशभर के सरस्वती शिशु मंदिरों में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का सस्वर गायन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
इसी क्रम में रायगढ़ के तीनों सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में भी सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर विद्यालयों एवं संबंधित समितियों द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
आयोजकों के अनुसार इस राष्ट्रव्यापी आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों, समिति पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम को व्यापक सहभागिता के साथ आयोजित करने की तैयारी है तथा इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से समिति के सभी सम्मानित पदाधिकारियों एवं सामान्य सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे 25 सितंबर को सुबह 10:30 बजे अपने इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में अपने निकटतम सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में पहुंचें और ठीक 11 बजे सामूहिक वंदे मातरम् गायन में सहभागी बनकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं समर्पण व्यक्त करें।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



