
राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने उठाए सवाल, विधायक से मांगा जवाब–
धरमजयगढ़ न्यूज़
कांग्रेस द्वारा भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए किए जा रहे आंदोलन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा मंडल अध्यक्ष भरतलाल साहू ने धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया के दिल्ली में आयोजित आंदोलन में शामिल होने को लेकर सवाल उठाए हैं।
भरतलाल साहू ने विधायक लालजीत सिंह राठिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विधायक राठिया को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे भी वोट चोरी के माध्यम से तीन बार विधायक बने हैं? यदि उन्हें अपने चुनाव में किसी प्रकार की वोट चोरी की आशंका नहीं है, तो उन्हें राहुल गांधी को समझाना चाहिए कि देश में वोट चोरी नहीं हुई है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने आगे कहा कि यदि विधायक लालजीत सिंह राठिया को वास्तव में लगता है कि देश में वोट चोरी हुई है, तो उन्हें सबसे पहले अपनी विधायकी से इस्तीफा देना चाहिए और उसके बाद इस मुद्दे पर आंदोलन करना चाहिए।
भरतलाल साहू के इस बयान के बाद धरमजयगढ़ की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि विधायक लालजीत सिंह राठिया भाजपा मंडल अध्यक्ष के इन सवालों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
