
धरमजयगढ़ न्यूज़। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया के समन्वय एवं विशेष प्रयासों से आगामी 15 नवंबर को जनजातीय बहुल क्षेत्र धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के भी कार्यक्रम में शामिल होने की खबर हैँ!
सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि जनजातीय बहुल क्षेत्र धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन होना पूरे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ जनजातीय समाज के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। यह आयोजन जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान नायकों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करने के साथ इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय गौरव एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलेगी।
प्रदेश स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर धरमजयगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें 15 नवंबर पर टिकी हैं, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष,प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में धरमजयगढ़ जनजातीय गौरव और संस्कृति के भव्य उत्सव का साक्षी बनेगा।
