
धरमजयगढ़ न्यूज़। धरमजयगढ़ के शासकीय कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने तथा छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में मोर्चा अध्यक्ष समय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम मांग पत्र के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए आवश्यक पहल करने की मांग की है।
मांग पत्र में उल्लेख किया गया है कि शासकीय कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय धरमजयगढ़ में वर्तमान में स्नातक स्तर की पढ़ाई संचालित हो रही है, जिससे धरमजयगढ़ विकासखंड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इनमें अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं।
पत्र में कहा गया है कि महाविद्यालय क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन चुका है, लेकिन यहां अभी तक स्नातकोत्तर स्तर के पाठ्यक्रम प्रारंभ नहीं हो सके हैं। इसके चलते स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानी के साथ-साथ आवास और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर छात्राओं एवं दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका अधिक खामियाजा उठाना पड़ता है।
इसके अलावा महाविद्यालय परिसर अथवा आसपास छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से दूसरे गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को रहने की समस्या से जूझना पड़ता है।
मांग पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें शासकीय महाविद्यालय धरमजयगढ़ में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की शीघ्र शुरुआत तथा छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
क्षेत्र के विद्यार्थियों का मानना है कि यदि इन मांगों पर शासन गंभीरता से पहल करता है तो धरमजयगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी अपने क्षेत्र में रहकर आगे की पढ़ाई जारी रखने में बड़ी राहत मिलेगी।
