
धरमजयगढ़ न्यूज़। नगर पंचायत धरमजयगढ़ के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नगर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया के हाथों संपन्न हुआ।

इन विकास कार्यों में नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल, आंगनबाड़ी भवन सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से नगरवासियों को बुनियादी सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलने के साथ ही आवागमन, जल निकासी और पेयजल जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार, उपाध्यक्ष जगन्नाथ यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव, मंडल अध्यक्ष भरत लाल साहू, जिला नगरीय निकाय संयोजक महेश चेनानी, पार्षद मीतु भद्र, रीमा अधिकारी, विजय यादव, जानू सिदार, अजय राठिया, नरेश राठिया, टारजन भारती, नगर पंचायत अधिकारी प्रभाकर शुक्ला, इंजीनियर दीपक अग्रवाल सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, वार्डवासी, अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना प्राथमिकता है। सड़क और नाली जैसी आवश्यक सुविधाओं के निर्माण से आम नागरिकों को आवागमन एवं जल निकासी की समस्याओं से राहत मिलेगी। वहीं पेयजल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं का विकास नगर के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि शासन की विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ नगर के प्रत्येक वार्ड और आम नागरिक तक पहुंच सके।
लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये के इन विकास कार्यों के भूमिपूजन के साथ ही धरमजयगढ़ नगर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। अब नगरवासियों की निगाहें इन कार्यों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर टिकी हैं।
