
धरमजयगढ़, रायगढ़। प्रस्तावित SECL ओपन कोल ब्लॉक को लेकर प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक मुख्यमंत्री से चर्चा नहीं हो जाती और किसानों की सहमति प्राप्त नहीं होती, तब तक SECL द्वारा सर्वे एवं अन्य किसी भी प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
इस संबंध में प्रभावित किसानों की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धरमजयगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि 19 जुलाई 2026 को ग्राम अंबेटिकरा मंदिर परिसर में SECL के महाप्रबंधक (GM) एवं अन्य अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित ओपन कोल ब्लॉक के संबंध में बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में प्रभावित किसान, ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ज्ञापन के अनुसार बैठक के दौरान SECL अधिकारियों द्वारा भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजे की जानकारी दिए जाने पर किसानों ने एक स्वर में प्रस्तावित कोयला खदान का विरोध करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी सहमति के बिना किसी भी प्रकार का सर्वे या अन्य कार्य स्वीकार नहीं होगा। किसानों का दावा है कि बैठक में SECL के महाप्रबंधक ने भी आश्वासन दिया था कि ग्रामीणों की सहमति के बिना कोई गतिविधि नहीं की जाएगी।
