
धरमजयगढ़। नगर पंचायत धरमजयगढ़ के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के लिए ई-निविदा आमंत्रित की गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार के अनुसार नगर के विकास में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 13.50 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के लिए ई-निविदा की प्रक्रिया शुरू की गई है।

प्रस्तावित कार्यों में नगर के विभिन्न वार्डों में, बीटी रोड, सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण, पाइपलाइन एवं पेयजल व्यवस्था का विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही नगर के मुख्य गौरव पथ, स्टेडियम, उद्यान तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई है। इन कार्यों के पूरा होने से नगरवासियों को आवागमन, पेयजल और सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार ने कहा कि नगर विकास के लिए प्राप्त राशि का बेहतर उपयोग करते हुए धरमजयगढ़ को सुविधासंपन्न और व्यवस्थित नगर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी।
अध्यक्ष अनिल सरकार ने नगर विकास के लिए राशि उपलब्ध कराने और विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया तथा जिला भाजपा अध्यक्ष अरुंधर दीवान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की प्राथमिकता धरमजयगढ़ के प्रत्येक वार्ड तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आने वाले समय में भी आवश्यकता के अनुसार नगर के विकास के लिए नए कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
करोड़ों रुपये के इन प्रस्तावित विकास कार्यों से नगरवासियों में भी उम्मीद जगी है कि धरमजयगढ़ में सड़क, नाली, पेयजल, खेल एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी।
