
पटना। बिहार की राजनीति ने आज एक ऐसी करवट ली है जिसकी गूंज लंबे समय तक सुनाई देगी। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे। बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद यह साफ हो गया है कि बिहार के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर भाजपा का कोई चेहरा बैठेगा। कल, 15 अप्रैल को राजधानी के लोकभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा.
नीतीश कुमार का इस्तीफा और नया गठबंधन
नीतीश कुमार का इस्तीफा और नया गठबंधन राजनीतिक हलचल के बीच आज नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। विशेष बात यह रही कि वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर राजभवन पहुंचे, जो एनडीए की नई एकजुटता का संकेत है। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए लिखा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग रहेगा और बिहार प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। वहीं भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने भी सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा, सम्राट चौधरी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा, मैं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने दिल्ली जाने का मन बनाया, जिसके कारण यह परिस्थिति आई और उन्होंने सम्राट चौधरी को आशीर्वाद दिया। भाजपा विधायक दल ने भी सम्राट चौधरी को चुना है।
संभावित मंत्रियों की सूची:
- जेडीयू कोटे से: श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खां और सुनील कुमार।
- बीजेपी कोटे से: विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह और लखेंद्र पासवान जैसे नाम चर्चा में हैं।
- सहयोगी दल: एनडीए के साथी दलों जैसे हम (HAM) से संतोष कुमार सुमन, एलजेपी (LJPR) से संजय पासवान और आरएलएम (RLM) से दीपक प्रकाश को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
बिहार लोकभवन में प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कल की सुबह बिहार के लिए एक नए राजनीतिक सूर्योदय जैसी होगी, जहां भाजपा और जेडीयू एक नए समीकरण के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ेंगे।
