

धरमजयगढ़। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष के सेवा समर्पण के अवसर पर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए “आशीर्वाद का दीया” जलाने के लिए आग्रह करते हुए अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मंडल धरमजयगढ़ भरतलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश और समाज के लिए निरंतर सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा, “जिन्होंने हमें बहुत कुछ दिया, जिन्होंने देश को नई दिशा और करोड़ों लोगों को नई उम्मीद दी, उनके लिए एक आशीर्वाद का दीया जलाना हमारे सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।”
भरतलाल साहू ने कहा कि मोदी जी का जीवन हमें सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की प्रेरणा देता है। उनके 25 वर्ष के सेवाकाल के अवसर पर जलाया गया यह दीया उनके दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए जन-आशीर्वाद का प्रतीक है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आह्वान किया कि 17 सितंबर को संध्या 7 बजे अपने घरों में रंगोली बनाकर दीया जलाना है। इस अवसर को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के रूप में मनाया जाए।



