

धरमजयगढ़। भारतीय जनता पार्टी मंडल धरमजयगढ़ द्वारा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार नियमित मासिक बैठक एवं सेवा संकल्प कार्यशाला का आयोजन 13 सितंबर 2026, रविवार को किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से यादव भवन, जेलपारा धरमजयगढ़ में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं मंडल प्रभारी सुनील सिंह ठाकुर एवं सहप्रभारी संजय गुप्ता का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा। बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल धरमजयगढ़ के अध्यक्ष भरत लाल साहू करेंगे।
मासिक बैठक एवं सेवा संकल्प कार्यशाला में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा पार्टी के सेवा कार्यों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा एवं मार्गदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम में धरमजयगढ़ मंडल क्षेत्र में निवासरत भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, मंडल पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष एवं सदस्य, नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, एल्डरमैन, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक एवं सह-संयोजक सहित भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अपेक्षित है।
भाजपा मंडल धरमजयगढ़ के महामंत्री भोगेश्वर प्रसाद बेहरा एवं जगदीश सरकार ने सभी अपेक्षित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर बैठक एवं कार्यशाला में सहभागिता करने का आग्रह किया है।



