

कथा व्यास पंडित मुरारी लाल त्रिपाठी करेंगे श्रीमद्भागवत कथा का वाचन!
धरमजयगढ़। पितृ मोक्ष के पावन उद्देश्य से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। सुंदरेहटिया (गर्ग) परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कलश यात्रा गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कथा व्यास पीठ स्थल तक पहुंची।

इस दौरान बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजे बच्चों की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। धार्मिक वातावरण में निकली इस यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कथा व्यास पंडित मुरारी लाल त्रिपाठी के श्रीमुख से किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।



