
धरमजयगढ़ में मोहब्बत और अकीदत के साथ अदा की गई ईदुल अजहा की नमाज।
मुल्क में अमन चैन की मांगी दुआएं,,दिया गया भाईचारा का पैगाम।।
धरमजयगढ़:…मुस्लिम समाज के सदर हाजी अब्दुल कादिर जिलानी ने बताया कि ईदगाह में पेशइमाम मौलाना मुदस्सिर कादरी साहब क़िब्ला द्वारा ईदुल अजहा की नमाज अदा कराई गई। नमाज के बाद मुल्क में अमन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। साथ ही सभी लोगों की सलामती एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की दुआ की गई।

ईदगाह परिसर में सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईदुल अजहा की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने ईदुल अजहा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह त्योहार त्याग, सब्र, कुर्बानी और इंसानियत का पैगाम देता है। समाज के वरिष्ठजनों ने लोगों से आपसी प्रेम, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
नगर में ईदुल अजहा को लेकर उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल देखने को मिला। प्रशासन एवं पुलिस व्यवस्था भी मुस्तैद रही, जिससे त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।वहीं ईदुल अजहा की नमाज दौरान बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु स्थानीय पुलिस प्रशासन के प्रति मीडिया प्रभारी असलम खान द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
