

सिगरेट देने से इनकार की बात पर शुरू हुआ विवाद, थाना परिसर में भी मारपीट का दावा; एसपी से शिकायत की तैयारी
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के रायगढ़ रोड स्थित बिहारी ढाबा में बीती रात विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। ढाबा संचालक मंटू गुप्ता ने आरोप लगाया है कि सिगरेट देने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिसकर्मी सहित कुछ लोगों ने उनके साथ ढाबे में मारपीट की। मारपीट में चोट लगने की बात भी संचालक द्वारा कही गई है।
मंटू सिंह के अनुसार, विवाद के बाद उन्हें थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ दोबारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में धरमजयगढ़ थाने के एक प्रधान आरक्षक सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।
वहीं शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद अब मामले की शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक से कर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने की बात कही जा रही है।
फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का पक्ष सामने आने तथा जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



