
धर्मजयगढ़ को मिली 10.46 करोड़ रुपये की सौगात, खेल परिसर, मेहर गार्डन विस्तार और सीसी सड़क निर्माण को मिली प्रशासनिक स्वीकृति
धरमजयगढ़, रायगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने नगर पंचायत धरमजयगढ़ के विकास को नई गति देते हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ 46 लाख 05 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में खेल, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 9 दीप नगर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 2 करोड़ 87 लाख 43 हजार रुपये, वार्ड क्रमांक 10 में नरई टिकरा मे गार्डन के विस्तार एवं जीर्णोद्धार हेतु 1 करोड़ 95 लाख 74 हजार रुपये, तथा कन्या हाई स्कूल से पीपर पारा चौक तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ 62 लाख 88 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस उपलब्धि पर जिला भाजपा के उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव,नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार, मंडल अध्यक्ष भरत लाल साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी, सांसद श्री राधेश्याम राठिया तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अरुणधर दीवान के प्रति आभार व्यक्त किया है।
वही नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार ने कहा कि इन विकास कार्यों से धरमजयगढ़ के खेल, यातायात और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा नगर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
