

धरमजयगढ़—-धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज क्षेत्र में हाथियों के झुंड से बिछड़े एक नन्हे हाथी शावक के अकेले विचरण करने से क्षेत्र में वन विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि शावक फिलहाल बोरो रेंज के बाजारडट क्षेत्र में अकेला घूमता देखा जा रहा है।
नन्हे शावक को हाथियों के झुंड से मिलाने के लिए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। विभागीय अमला शावक की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसके आसपास के क्षेत्र में हाथियों के झुंड की तलाश कर रहा है, ताकि उचित समय और सुरक्षित तरीके से उसे उसकी मां एवं झुंड तक पहुंचाया जा सके।
शावक के अकेले विचरण की सूचना के बाद वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे शावक के करीब न जाएं, उसे परेशान न करें और भीड़ न लगाएं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मामलों में शावक को सुरक्षित रखना और उसे बिना अनावश्यक हस्तक्षेप के उसके झुंड तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण होता है।
वन विभाग की टीम की निगरानी के बीच अब सभी की नजर इस बात पर है कि कब नन्हा शावक अपने हाथी परिवार से दोबारा मिल पाता है। बहरहाल वन विभाग की टीम इसके लिए सतत प्रयास रत हैं!



