

प्रदेश में ख्याति प्राप्त है धरमजयगढ़ का दशहरा उत्सव, भव्य पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भंडारा और रावण दहन रहेगा आकर्षण का केंद्र

धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले 67वें दुर्गोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। नगर का यह ऐतिहासिक दुर्गोत्सव लंबे समय से अपनी भव्यता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है।

आयोजकों के अनुसार बस्तर दशहरा के बाद प्रदेश के प्रमुख और बड़े दशहरा उत्सवों में धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान का आयोजन भी विशेष रूप से चर्चित रहा है।

67वें वर्ष में भी दुर्गोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापना एवं विधि-विधान से पूजन के साथ आकर्षक पंडाल और विशेष सजावट की तैयारियां की जा रही हैं। उत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए मां का भंडारा भी आयोजित किया जाएगा।

दशहरा पर्व के दिन होने वाला भव्य रावण दहन आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली नाटक मंडलियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले पारंपरिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इन आयोजनों को देखने के लिए बड़ी संख्या में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने की संभावना है।

दुर्गोत्सव समिति के अध्यक्ष आशीष विश्वास ने कहा कि यह आयोजन नगर की वर्षों पुरानी परंपरा और आस्था से जुड़ा हुआ है। सभी नगरवासियों के सहयोग से इस वर्ष भी दुर्गोत्सव को भव्य एवं सफल रूप से संपन्न कराने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के संरक्षक, पदाधिकारी एवं सभी सदस्य आयोजन की तैयारियों में पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं।

वहीं समिति के सचिव श्यामल पुरकायस्थ ने बताया कि इस वर्ष भी बड़े स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष रूप देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सहयोग और सहभागिता से 67वां दुर्गोत्सव ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
धरमजयगढ़ का यह दुर्गोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक माना जाता है। अब जैसे-जैसे दुर्गोत्सव और दशहरा पर्व नजदीक आएगा, दशहरा मैदान की रौनक भी बढ़ती जाएगी।



