
धरमजयगढ़ न्यूज़ — धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र छाल के केराझरिया आरएफ 511 क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक हाथी शावक की दलदल में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि शावक दल के साथ जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा था, इसी दौरान वह दलदली क्षेत्र में फंस गया। काफी प्रयास के बावजूद वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में मौजूद हाथियों का दल काफी देर तक आसपास मंडराता रहा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कुछ दिन पहले भी हुई थी शावक की मौत

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों पूर्व भी छाल क्षेत्र के सिंघिझाप डैम में पानी में डूबने से एक हाथी शावक की मौत हुई थी। लगातार हो रही हाथी शावकों की मौत ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्र में 35 हाथियों का दल मौजूद
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगभग 35 हाथियों का दल मौजूद है। वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
वन अमला स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी जा रही है।
