

निष्पक्ष जांच, डिजिटल साक्ष्यों की जांच और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
धरमजयगढ़, 1 अक्टूबर। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति ने सरगुजा जिले के अंबिकापुर में पत्रकारों एवं सोशल मीडिया एक्टिविस्टों के खिलाफ कथित चरित्र-हनन, धार्मिक वैमनस्य फैलाने, ट्रोलिंग एवं दबाव बनाए जाने के मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में अनूप वस्त्रालय प्रकरण, सार्वजनिक रूप से चरित्र-हनन एवं अनर्गल बयानबाजी, संगठित ट्रोलिंग और धार्मिक वैमनस्य सहित पत्रकारों को कथित रूप से निशाना बनाए जाने के मामलों का उल्लेख किया गया है। समिति ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सोशल मीडिया पोस्ट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
समिति ने पत्रकारों और सोशल मीडिया एक्टिविस्टों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पत्रकार सुरक्षा कानून-2023 के प्रभावी पालन के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह किया है।
ज्ञापन धरमजयगढ़ एसडीएम के नाम तहसीलदार धरमजयगढ़ को सौंपा गया। इस दौरान अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के जिला अध्यक्ष ग्रामीण रायगढ़ नारायण बाइन, ब्लॉक अध्यक्ष धरमजयगढ़ गुरुचरण सिंह राजपूत, सचिव असलम खान एवं उपाध्यक्ष विवेक पांडे उपस्थित रहे।



