

धरमजयगढ़ न्यूज़—- धरमजयगढ़ के जयस्तंभ चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात चौक पर हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं के बाद लोगों में स्थानीय प्रशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
नागरिकों का कहना है कि चौक पर वाहनों की तेज रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए लंबे समय से स्पीड ब्रेकर की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात पहली घटना में एक स्कॉर्पियो की चपेट में आने से तीन-चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन चालक के नशे में होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना में एक बच्चे के सिर में चोट लगने की जानकारी है, जिसका स्थानीय अस्पताल में उपचार किया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किए जाने की बात सामने आई है।
वहीं दूसरी घटना में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवकों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों को 112 की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को लेकर जयस्तंभ चौक के आसपास के नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक पर यातायात नियंत्रण और वाहनों की गति कम करने के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन एवं सड़क सुरक्षा समिति से तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने तथा स्पीड ब्रेकर सहित अन्य सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो नागरिकों का आक्रोश बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है। अब देखना होगा कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद प्रशासन इस संवेदनशील चौक की यातायात व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाता है।



