
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर शासकीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न!
धरमजयगढ़/अंबेटिकरा। शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर जगत जननी माँ अंबेटिकरा मंदिर परिसर में तैयारियां तेज हो गई हैं। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर की शासकीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शासकीय समिति के अध्यक्ष एवं अनुविभागीय अधिकारी (SDM) ने की।
बैठक में समिति के सचिव श्री टीकाराम पटेल सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान नवरात्रि पर्व में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा मंदिर परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा तक पुख्ता इंतजाम
बैठक में मंदिर परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्णय लिया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बेरिकेडिंग एवं कतार व्यवस्था बनाई जाएगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के साथ वॉलंटियर्स की तैनाती की जाएगी।
इसके अलावा भंडारा एवं प्रसाद वितरण के लिए अलग स्थान निर्धारित करने, मेले में दुकानों के आवंटन को व्यवस्थित करने तथा श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी निर्णय लिया गया।
हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी ने कहा कि नवरात्रि के दौरान माँ अंबेटिकरा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन, आवागमन एवं अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं मंदिर समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सांसद के प्रयासों से माँ अंबेटिकरा मंदिर परिसर में लगातार विकास कार्य देखने को मिल रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि माँ अंबेटिकरा के आशीर्वाद से मंदिर की ख्याति के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने माँ का भोग-प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सचिव श्री टीकाराम पटेल ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



