

धरमजयगढ़ न्यूज़। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही धरमजयगढ़ नगर में चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदातों को अंजाम दिए जाने से स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।

ताजा मामला नगर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित सिविल लाइन क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी प्रांजल अग्रवाल ने धरमजयगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, बीती रात करीब 1:30 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा बोर में लगे बिजली के तार को चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी होने के बाद प्रार्थी ने मामले की सूचना पुलिस को दी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
वहीं, कुछ दिन पहले नगर के नीचेपारा क्षेत्र स्थित रिजवान जनरल स्टोर में भी चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
त्योहारों से पहले रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
आने वाले त्योहारों को देखते हुए नगर में बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ने वाली है। ऐसे में रात के समय हो रही चोरी की घटनाओं ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस द्वारा नगर के संवेदनशील एवं सुनसान क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
बहरहाल, वार्ड क्रमांक 5 में बोर के तार चोरी के मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच शुरू किए जाने की जानकारी है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच के बाद चोरी की इस वारदात का खुलासा कब तक होता है।



