

नवरात्रि से पहले मंदिर की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी, एसडीएम को सौंपा गया आवेदन
धरमजयगढ़ न्यूज़। सड़क निर्माण के दौरान की गई ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त मां बंजारी देवी मंदिर एवं मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण को लेकर अब स्थानीय श्रद्धालुओं एवं नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धरमजयगढ़ को आवेदन सौंपकर संबंधित निर्माण एजेंसी को तत्काल आवश्यक निर्देश देने तथा 10 अक्टूबर 2026 तक मंदिर परिसर का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण कराने की मांग की गई है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुई ब्लास्टिंग से क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र मां बंजारी देवी मंदिर एवं मंदिर परिसर को क्षति पहुंची थी। क्षति के बाद संबंधित निर्माण एजेंसी डीबीएल द्वारा मंदिर परिसर एवं प्रभावित संरचनाओं के आवश्यक जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई माह बीत जाने के बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं होने से श्रद्धालुओं में असंतोष व्याप्त है।
आवेदन में कहा गया है कि नवरात्रि पर्व बेहद नजदीक है और इस दौरान मां बंजारी देवी मंदिर में क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मंदिर परिसर की वर्तमान स्थिति श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
आवेदकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को तत्काल निर्देशित कर 10 अक्टूबर तक जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए, ताकि आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
समय सीमा में काम नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
आवेदन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूरा नहीं किया जाता है, तो आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के समक्ष शांतिपूर्ण आंदोलन, धरना एवं चक्काजाम जैसे जनआंदोलनात्मक कदम उठाने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। हालांकि आवेदन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि श्रद्धालु प्रशासन से टकराव नहीं, बल्कि अपनी आस्था से जुड़े मंदिर के सम्मान एवं शीघ्र जीर्णोद्धार की अपेक्षा रखते हैं।
आवेदकों ने प्रशासन से समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप कर कार्य पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
वही दिलीप बिल्डकॉन कंपनी कीं तरफ से प्रदीप सिंह ने बताया की मंदिर के कार्यों को प्रारंभ कर दिया गया है लिखित दिए गए आश्वासन में कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं तो कई कार्य जारी है बहुत ही जल्द उस काम को भी पूर्ण कर लिया जाएगा!
अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी 10 अक्टूबर की तय समय-सीमा में मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर पाती है या नहीं।



