

धरमजयगढ़—-सेवा, जनकल्याण और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत तराईमार के राठियापारा आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती माधो बाई राठिया, पार्षद एवं सभापति नगर पंचायत धरमजयगढ़ उपस्थित रहीं। वहीं कुमारी महिमा सिदार सरपंच ग्राम पंचायत शाहपुर, जनप्रतिनिधि , आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाएं, बच्चे एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती माधो बाई राठिया ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समाज के गरीब, जरूरतमंद, महिला, युवा, किसान, श्रमिक एवं बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य एवं गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहायता और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्र होने पर उनका लाभ अवश्य लें।
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के बीच आपसी संवाद भी हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के प्रति लोगों में जागरूकता और सहभागिता की भावना को बढ़ावा मिला।



